• Helpline No :
  • |
  • Email: admissions@igu.ac.in
  • A+
  • A
  • A-
IGU

आईजीयू ने जारी की अंतर-कॉलेज खेल प्रतियोगिताओं व चयन ट्रायल्स की सारणी।बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कैनोइंग एवं कायाकिंग तथा बॉक्सिंग की चैंपियनशिप का होगा आयोजन।​प्रतिभागी खिलाड़ियों के लिए ₹300 चयन परीक्षण शुल्क, पहचान पत्र व पात्रता प्रपत्र अनिवार्य।

Published on: 29 Sep 2026

इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर-रेवाड़ी के खेल विभाग द्वारा सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न अंतर-कॉलेज खेल प्रतियोगिताओं और चयन ट्रायल्स (पुरुष एवं महिला वर्ग) की खेल सारणी जारी कर दी गई है। इसके तहत बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कैनोइंग एवं कायाकिंग तथा बॉक्सिंग की चैंपियनशिप आयोजित की जाएंगी।

​विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा, "खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं, जो विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। विश्वविद्यालय खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है। सभी संबद्ध महाविद्यालय अधिक से अधिक विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ें ताकि उनकी ऊर्जा का सही और सकारात्मक दिशा में उपयोग हो सके।"

​कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा, "खेलों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है, इसलिए सभी प्रतिभागी खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करें।"

​खेल निदेशक डॉ. अशोक कुमार यादव ने बताया कि इन अंतर-कॉलेज प्रतियोगिताओं के माध्यम से सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें आगे अंतर-विश्वविद्यालय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

​प्रतियोगिताओं एवं चयन ट्रायल्स का विस्तृत कार्यक्रम:

*बास्केटबॉल (पुरुष एवं महिला): 29 सितम्बर 2026, अहीर कॉलेज, रेवाड़ी (प्रातः 10:00 बजे)

​बैडमिंटन (पुरुष एवं महिला): 30 सितम्बर 2026, स्वरांजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन, बिठवाना, रेवाड़ी (प्रातः 10:00 बजे)

​कैनोइंग एवं कायाकिंग (पुरुष एवं महिला): 01 अक्टूबर 2026, जे.डी.के. वाटर स्पोर्ट्स क्लब, सालहवास (प्रातः 10:00 बजे)

​बॉक्सिंग (पुरुष एवं महिला): 05 अक्टूबर 2026, आर.सी. ग्रीन फील्ड स्कूल, मस्तापुर, गंगैचा टोल प्लाजा के पास (दोपहर 01:00 बजे)

*​महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश:*

​सहायक खेल निदेशक देवेंद्र ढाका ने बताया कि:

​प्रतिभागी खिलाड़ियों के लिए अपना पहचान पत्र तथा पात्रता प्रपत्र साथ लाना अनिवार्य है।

​सभी टीमों के साथ उनके संबंधित कॉलेज के प्रबंधक या इंचार्ज का होना आवश्यक रहेगा।

​चयन परीक्षण के लिए प्रति प्रतिभागी ₹300 शुल्क निर्धारित किया गया है।

​खेल विभाग ने सभी संबद्ध कॉलेजों को निर्देश दिए हैं कि वे समय पर अपनी टीमों को भेजें और प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।